खेल डेस्क. कंधे में लगी चोट से उबरने के बाद पृथ्वी शॉ न्यूजीलैंड में इंडिया-ए टीम के साथ जुड़ने के लिए तैयार हैं। वे अगले दो दिनों में वहां के लिए रवाना भी हो जाएंगे। इस बारे में जानकारी देते हुए बीसीसीआई के एक पदाधिकारी ने न्यूज एजेंसी से कहा, ‘‘पृथ्वी शॉ या तो गुरुवार को या शुक्रवार को न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो जाएंगे। उन्हें पूरी तरह फिट घोषित कर दिया गया है।’’
इस चोट से उबरने के लिए शॉ ने नेशनल क्रिकेट एकेडमी की मदद ली। इससे पहले 3 जनवरी को कर्नाटक के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान ओवरथ्रो रोकने की कोशिश में वे गिर गए थे और उन्हें कंधे में चोट लग गई थी। इसी वजह से वे 10 जनवरी को इंडिया-ए टीम के साथ न्यूजीलैंड दौरे के लिए रवाना नहीं हो सके थे। एहतियातन उनका एमआरआई स्कैन कराया गया था।
पृथ्वी ने सीजन के पहले रणजी ट्रॉफी मैच में शतक लगाया था
न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया-ए टीम 3 वनडे और 2 चार दिवसीय मैच खेलेगी। शॉ इन दोनों ही टीमों का हिस्सा हैं। डोपिंग के कारण 8 महीने के प्रतिबंध के बाद पिछले महीने वापसी करने वाले पृथ्वी अच्छी फॉर्म में हैं। इस सलामी बल्लेबाज ने बड़ौदा के खिलाफ मुंबई के लिए सीजन के पहले रणजी ट्रॉफी मैच में शतक जड़ा था।